सागर में सेवन गांव में गांजे की अवैध खेती पकड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार !

Spread the love

सागर। जैसीनगर थाना पुलिस ने शनिवार को ग्राम सेवन में दबिश देकर अवैध गांजे की खेती का खुलासा किया। पुलिस टीम ने मौके से 63 छोटे-बड़े गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 74 किलो 280 ग्राम है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 7.40 लाख रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी रविंद्र, पिता श्रीसिंह ठाकुर (32 वर्ष), निवासी सेवन को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार, सेवन गांव में बड़े पैमाने पर गांजे के पौधे लगे होने की सूचना मुखबिर से मिली थी। जानकारी के अनुसार, मैनरोड पर ट्रांसफार्मर के पास स्थित एक बांडे में पौधे लगाए गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के लिए रवाना हुई। मुखबिर के बताये स्थान पर पहुंचकर बांडे में दबिश दी गई। तलाशी के दौरान 63 गांजे के पौधे पाए गए।

जैसीनगर थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी डेढ़ साल से इस बांडे में गांजे के पौधे उगा रहा था। वह इन्हें पुड़िया बनाकर बेचने का काम करता था। पुलिस ने पौधों को पांच बोरियों में भरकर सील किया और मिट्टी का नमूना भी लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई न केवल अवैध नशीली दवाओं के खिलाफ कदम है, बल्कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशीले पदार्थों के व्यापार को रोकने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है ताकि मामले के अन्य पहलुओं और जुड़े लोगों का पता लगाया जा सके। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से पुलिस ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *