सागर विधानसभा में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रबुद्धजन सम्मेलन 17 अक्टूबर को !

Spread the love

भारतीय जनता पार्टी सागर विधानसभा द्वारा आगामी 17 अक्टूबर को धर्म श्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत सागर विधानसभा क्षेत्र का प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा बुधवार को विधायक शैलेंद्र कुमार जैन एवं जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर की।

जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि सम्मेलन दोपहर 3.30 बजे स्व. राजा दुबे सभागार में शुरू होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक शैलेंद्र कुमार जैन करेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में सांसद डॉ. लता वानखेड़े उपस्थित रहेंगी। वहीं जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

जिला संयोजक आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान टोली निकेश गुप्ता ने बताया कि इस प्रबुद्धजन सम्मेलन में युवा, महिला, उद्यमी, व्यापारी और सागर विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्धजन शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को आत्मनिर्भर भारत अभियान की महत्वाकांक्षाओं और स्थानीय विकास योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि यह सम्मेलन जन सहभागिता बढ़ाने और सागर विधानसभा में सभी वर्गों के लोगों को रोजगार, उद्यमिता और आत्मनिर्भर बनने के उपायों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तैयारियों को अंतिम रूप देने एवं कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सागर विधानसभा के सभी स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि सम्मेलन में क्षेत्र के सभी प्रबुद्धजन भाग लेकर आत्मनिर्भर भारत अभियान के उद्देश्यों को साकार करने में सहयोग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *