सागर विधानसभा में हुआ प्रबुद्धजन सम्मेलन, उपमुख्यमंत्री और विधायक हुए शामिल !

Spread the love

सागर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत गुरुवार को सागर विधानसभा में भव्य प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन भाजपा कार्यालय, अम्बेडकर वार्ड धर्मश्री में संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, प्रबुद्धजन, व्यापारी वर्ग और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने अपने उद्बोधन में कहा कि “भारत आज विश्व पटल पर तेजी से उभरती शक्ति के रूप में पहचान बना रहा है। हम जापान को पीछे छोड़ चौथे स्थान पर पहुंच चुके हैं और अब जल्द ही जर्मनी को भी पीछे छोड़ देंगे। आने वाले वर्षों में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगा।”

उन्होंने कहा कि भारत अब केवल आर्थिक ही नहीं बल्कि रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बन चुका है। “ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने न केवल युद्ध में पाकिस्तान को परास्त किया, बल्कि अपने स्वदेशी हथियारों की क्षमता से पूरी दुनिया को यह दिखाया कि भारत रक्षा निर्माण में अग्रणी राष्ट्र है।”
राजेन्द्र शुक्ल ने आगे कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ है। जब हर भारतीय स्वदेशी उत्पाद अपनाएगा, तभी सच्चे अर्थों में भारत आत्मनिर्भर बनेगा।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि “वर्ष 2014 में जब माननीय नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री पद संभाला था, तब भारत रक्षा और आर्थिक क्षेत्र में 11वें स्थान पर था। आज हम चौथे स्थान पर हैं — यह आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी नीति का परिणाम है।”
उन्होंने कहा कि “भारत विश्व का सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता देश है। यदि हम अपने ही उत्पादों का उपयोग करें तो हमें किसी भी विदेशी देश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यही सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना है।”

विधायक जैन ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू की गई मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इन अभियानों ने भारत की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास दिया है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेश केशरवानी, मंडल अध्यक्ष मेघा दुबे, अमित बैसाखिया, नीलम अहिरवार, नीरज यादव, नगर निगम सभापति संगीता तिवारी, निकेश गुप्ता, श्रीकांत जैन, मनीष चौबे, नितिन सोनी और प्रदीप पाठक सहित बड़ी संख्या में व्यापारी वर्ग, समाजसेवी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि “आत्मनिर्भर भारत अभियान देश की प्रगति का आत्मा है। प्रबुद्ध वर्ग समाज के नीति निर्माण में अहम भूमिका निभाता है, और उनकी सहभागिता से ही यह संकल्प अभियान जन-जन तक पहुंचेगा।”

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *