सागर। आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर श्री विकास कुमार शाहवाल के निर्देशन में जिलेभर में अवैध विस्फोटक सामग्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मोतीनगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग दो लाख रुपये कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए हैं।

पुलिस को 15 अक्टूबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि दीपक सुंदरानी, निवासी संतकबर राम वार्ड सागर, अपने घर में बिना लाइसेंस के भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोतीनगर अपने हमराह बल के साथ मौके पर पहुंचे और छापामार कार्यवाही की।

जांच के दौरान आरोपी दीपक सुंदरानी पिता अर्जुनदास सुंदरानी (उम्र 29 वर्ष) मौके पर मिला। समक्ष गवाहों के घर की तलाशी लेने पर अनार, फुलझड़ी, चकरी, बुलेट बम जैसे विभिन्न प्रकार के पटाखों से भरे पांच कार्टून मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई।

जब आरोपी से वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। रहवासी क्षेत्र में अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थ का भंडारण करना भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 5 के तहत दंडनीय अपराध है।

पुलिस ने आरोपी को धारा 35(3) बी.एन.एस.एस. के तहत नोटिस देकर पाबंद किया तथा जप्त की गई सामग्री को थाना मोतीनगर में सुरक्षित रखा। प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है, और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध विधिसंगत कार्यवाही की जा रही है।
इस सफल कार्यवाही में थाना मोतीनगर पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही, जिसने सतर्कता एवं तत्परता से कार्रवाई करते हुए एक संभावित हादसे को टाल दिया।