सागर | सरकारी बस स्टैंड पर सिगरेट को लेकर बवाल,दोस्त से लोहे के पाइप से मारपीट !

Spread the love

सागर शहर के सरकारी बस स्टैंड पर सिगरेट के पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक द्वारा ज्वेलर्स संचालक और उसके दोस्त के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। यह घटना 22 दिसंबर की रात की है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी युवक हाथ में लोहे का पाइप लिए गालीगलौज करता हुआ जमीन पर गिरे युवक को पीटते हुए साफ नजर आ रहा है।

मामले में गोपालगंज थाना पुलिस ने ज्वेलर्स संचालक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिगरेट के पैसे मांगने से शुरू हुआ विवाद

गोपालगंज थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार फरियादी अभिषेक, जो पेशे से ज्वेलर्स का काम करता है, ने बताया कि 22 दिसंबर की रात करीब 12 बजे वह अपने दोस्त अनुज के साथ बस स्टैंड स्थित एक पान की दुकान पर पान-गुटखा खाने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने उनसे सिगरेट पीने के लिए पैसे देने को कहा।

अभिषेक ने जब पैसे देने से मना करते हुए कहा कि “हम तुम्हें जानते भी नहीं हैं, फिर पैसे क्यों दें”, तो युवक भड़क गया। उसने खुद को अमरेंद्र ठाकुर बताते हुए कहा, “मैं अमरेंद्र ठाकुर हूं, अच्छे-अच्छों को ठिकाने लगा देता हूं।” इसके बाद आरोपी ने गालीगलौज शुरू कर दी।

गाली देने से रोका तो लोहे के पाइप से हमला

जब अभिषेक ने आरोपी को गाली देने से रोका, तो युवक ने पास में रखा लोहे का पाइप उठाकर हमला कर दिया। आरोपी ने अभिषेक के सिर और कमर पर कई वार किए, जिससे वह नीचे गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए दोस्त अनुज पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। मारपीट में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उनसे भी गालीगलौज करता रहा। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में कराया गया भर्ती, बाद में थाने में शिकायत

घायल अवस्था में पड़े अभिषेक और अनुज को उनके परिचितों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज किया गया। उपचार के बाद अभिषेक गोपालगंज थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज करवाई।

वीडियो के आधार पर जांच तेज

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया है। गोपालगंज पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।

पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *