भोपाल। राजधानी भोपाल के तात्या टोपे (टीटी) नगर स्टेडियम में रविवार की सुबह फिटनेस और एकता के नाम रही। श्री सत्य साई सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित ‘स्पिरिट ऑफ यूनिटी’ मैराथन में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक एकता का संदेश दिया। यह आयोजन पूर्णतः निशुल्क रहा, जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन को शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
ठंड के बावजूद प्रतिभागियों के जोश और उमंग में कोई कमी नहीं दिखी। सुबह करीब 5 बजे से ही लोग टीटी नगर स्टेडियम पहुंचने लगे थे। दौड़ की शुरुआत से पहले विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में जुंबा और वार्म-अप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। संगीत की धुनों पर हुए इस सत्र में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे माहौल को ऊर्जा से भर दिया।

मैराथन को अधिक समावेशी और सभी आयु वर्गों के अनुकूल बनाने के लिए इसे तीन श्रेणियों — 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर — में विभाजित किया गया था। समिति के अनुसार इस आयोजन के लिए लगभग 3800 प्रतिभागियों ने पूर्व में पंजीयन कराया था। दौड़ में कई प्रतिभागी हाथों में मशाल लेकर शामिल हुए, जो एकता, शांति और सामूहिक ऊर्जा का प्रतीक बनी।
इस आयोजन में भोपाल के साथ-साथ विदिशा, रायसेन और आसपास के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में युवा, प्रोफेशनल धावक और फिटनेस प्रेमी पहुंचे। प्रतिभागियों में छात्र, महिलाएं, बुजुर्ग, नौकरीपेशा लोग और विभिन्न व्यवसायों से जुड़े नागरिक शामिल रहे, जिन्होंने ‘स्पिरिट ऑफ यूनिटी’ की भावना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

दौड़ पूरी करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को उनके जज्बे और समर्पण के सम्मान में मेडल प्रदान किए गए। आयोजन के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा प्रतिभागियों के लिए जलपान, चिकित्सा सहायता और मार्गदर्शन की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
श्री सत्य साई सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजन समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं। प्रतिभागियों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी मैराथन न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाती हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं।