हरपालपुर में अवैध रेत-गिट्टी परिवहन पकड़ा गया !

Spread the love

छतरपुर (हरपालपुर)।
छतरपुर जिले के हरपालपुर में खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को अवैध रेत-गिट्टी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने हरपालपुर रेलवे फाटक के पास बिना वैध दस्तावेजों के गिट्टी और रेत का परिवहन कर रहे एक डंपर और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया।

वाहनों में ओवरलोड और बिना वैध दस्तावेज

प्रभारी खनिज निरीक्षक मुनेंद्र सिंह ने बताया कि जांच के दौरान जब्त किए गए वाहन ओवरलोड पाए गए और इनके पास कोई वैध ट्रांजिट पास (टीपी) नहीं था। जब्त वाहनों को हरपालपुर थाने में सुरक्षित खड़ा कराया गया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी

रेलवे निर्माण स्थलों का निरीक्षण

इसी क्रम में, टीम ने नगर के रेलवे प्लेटफॉर्म 2 के निर्माण स्थल और झांसी-मानिकपुर रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य का निरीक्षण भी किया। टीम ने यहां लगभग 95 डंपर मुरम (मिट्टी/गिट्टी) का ढेर देखा, जिसका उपयोग ठेकेदार द्वारा रेलवे ट्रैक के बेस निर्माण में किया जा रहा था।

ठेकेदार से दस्तावेज मांगे

टीम ने ठेकेदार से मुरम के संबंध में दस्तावेज मांगे। ठेकेदार ने नौगांव मुरम खदान से संबंधित टीपी होने का दावा किया और बताया कि कुछ टीपी कार्यालय में रखे हैं। मौके पर टीम ने पंचनामा बनाने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन रेलवे ठेकेदार ने पंचनामा पर हस्ताक्षर करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद खनिज-राजस्व टीम वापस लौट गई।

कार्रवाई देर शाम तक जारी रही

संयुक्त टीम की अन्य स्थानों पर छापामार कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। इस कार्रवाई में प्रभारी खनिज निरीक्षक मुनेंद्र सिंह, राजस्व निरीक्षक जीपी गुप्ता, पटवारी आशीष पांडेय, मनीष पटेल सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।

खनिज अधिकारी ने चेतावनी दी कि अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती से रोक के लिए ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *