14 लाख की लूट का CCTV सामने आया, मुनीम की आंखों में मिर्ची डालकर किया हमला !

Spread the love


सागर में कृषि उपज मंडी रोड पर गल्ला व्यापारी के मुनीम से हुई 14 लाख रुपए की लूट की वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में बदमाश चलती बाइक पर मुनीम की आंखों में मिर्ची पाउडर डालते और डंडे से हमला करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, लोगों की सतर्कता से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

घटना सोमवार दोपहर की है। गल्ला व्यापारी पंकज केशरवानी (पंकज ट्रेडर्स) का मुनीम सुधीर दीक्षित भगवानगंज स्थित एसबीआई बैंक से 14 लाख रुपए निकालकर मंडी रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुल के पास बाइक और ऑटो से आए बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। मुनीम के गिरते ही बदमाशों ने डंडे से हमला किया और नोटों से भरा बैग छीनकर भागने लगे।

घायल मुनीम सुधीर ने बताया कि वह बदमाशों से संघर्ष करता रहा और मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन शुरुआत में किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। लोगों और पुलिस को पहले यह आपसी विवाद प्रतीत हुआ। इसी बीच सुधीर ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश का पैर पकड़ लिया। तभी भीड़ में मौजूद एक युवक ने शोर मचाया कि आरोपी पैसे लूटकर भाग रहा है, जिसके बाद लोगों ने एक बदमाश धीरेंद्र ठाकुर को पकड़ लिया।

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी बैंक से ही मुनीम की रेकी कर रहे थे। सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि वारदात में तीन आरोपी शामिल थे। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य दो आरोपियों के नाम सामने आ चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *