6 दिन में पूरा किया दो एचएलबी का कार्य: प्रगणक राम मिलन मिश्रा ने पेश की कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल !

Spread the love

सागर। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रतिभा पाल के निर्देशों का पालन करते हुए ढाना क्षेत्र में कार्यरत प्रगणक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक राम मिलन मिश्रा ने कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने निर्धारित समय सीमा से पहले ही दो हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) का कार्य पूर्ण कर जनगणना जैसे राष्ट्रीय दायित्व के प्रति अपनी गंभीरता और प्रतिबद्धता दिखाई।

प्रगणक श्री राम मिलन मिश्रा ने बताया कि कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी के मार्गदर्शन तथा चार्ज अधिकारी राहुल गौड़ के निर्देशन में 1 मई से मकान गणना एवं हाउस लिस्टिंग का कार्य प्रारंभ किया गया था। शासन द्वारा यह कार्य 20 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने अपने दायित्व को समझते हुए मात्र 6 दिनों में ही 6 मई तक दोनों एचएलबी क्रमांक 467 एवं 469 का कार्य पूर्ण कर लिया।

उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना से जुड़ा कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों को काफी सुविधा मिली। मोबाइल एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए जानकारी संकलित करने से कार्य की गति और पारदर्शिता दोनों में वृद्धि हुई है।

लोगों ने किया सम्मानपूर्वक स्वागत

श्री मिश्रा ने बताया कि जब वे ढाना क्षेत्र में मकान गणना के लिए पहुंचे तो वहां के लोगों ने केवल जानकारी ही उपलब्ध नहीं कराई, बल्कि उनका आत्मीय स्वागत भी किया। कई परिवारों ने उन्हें घर में बैठाकर पानी, चाय एवं ठंडे पेय पदार्थों की व्यवस्था की। लोगों ने कहा कि इतनी भीषण गर्मी में कार्य करना आसान नहीं है।

इस पर श्री मिश्रा ने जवाब दिया कि जनगणना एक शासकीय एवं राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें धूप, गर्मी या मौसम की परवाह नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि लोगों का सहयोग और सम्मान देखकर उन्हें कार्य करने में और अधिक ऊर्जा मिली।

42 डिग्री तापमान में भी नहीं रुके कदम

भीषण गर्मी और 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद श्री मिश्रा लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर मकान गणना कार्य करते रहे। उन्होंने बताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद भी वे नजरिया नक्शे के अनुसार पुनः क्षेत्र का भ्रमण करना चाहते हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी मकान गणना से छूट न जाए।

उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने का कार्य नहीं, बल्कि समाज और शासन के बीच विश्वास का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। इस दौरान विभिन्न वर्गों और परिवारों से मिलने का अवसर मिला, जिससे उन्हें नए अनुभव प्राप्त हुए।

जनगणना कार्य के प्रति दिखी जागरूकता

ढाना क्षेत्र के नागरिकों ने भी जनगणना कार्य के प्रति सकारात्मक सोच और जागरूकता दिखाई। क्षेत्र के प्रशांत ताम्रकार, अमरीश पाठक, श्याम सुंदर हजारी, राममूर्ति हजारी सहित अनेक लोगों ने जनगणना कार्य की सराहना करते हुए भरपूर सहयोग प्रदान किया।

लोगों का कहना था कि जनगणना जैसे कार्य देश की योजनाओं और विकास की आधारशिला होते हैं, इसलिए इसमें सहयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

प्रशासन ने सराहा समर्पण

समय से पूर्व कार्य पूर्ण करने और पूरी निष्ठा के साथ जिम्मेदारी निभाने को लेकर प्रगणक श्री राम मिलन मिश्रा की कार्यशैली की सराहना की जा रही है। उनका यह प्रयास अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *