शहर को हरियाली और स्वच्छ वातावरण से आच्छादित करने के उद्देश्य से विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने बालाजी मंदिर मार्ग पर पुनः पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सड़क के दोनों ओर गुलमोहर और चंपा के पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री जैन ने कहा—
“सिर्फ सीमेंट-कंक्रीट की सड़कें बनाना हमारा लक्ष्य नहीं है, बल्कि शहर को हरा-भरा बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। इसी सोच के साथ मैं स्वयं पौधारोपण करने वाली टीम के साथ प्रतिदिन सुबह-शाम पौधे लगाने का संकल्प ले रहा हूँ। आज बालाजी मंदिर मार्ग से इस अभियान की शुरुआत की गई है।”
उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विकास कार्यों के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई और देखभाल की भी समुचित व्यवस्था हो। ताकि ये पौधे बड़े होकर शहरवासियों को छाया, शुद्ध वायु और स्वच्छ वातावरण प्रदान कर सकें।
अभियान में समाजसेवियों, स्थानीय नागरिकों और निगम के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शहर को हरित बनाने का संकल्प दोहराया।