सोमवार देर रात भोपाल के वल्लभ भवन में विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की और नरयावली विधानसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों के नुकसान का त्वरित सर्वे कराने, आगामी बुआई के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और क्षेत्र के विकास कार्यों को स्वीकृत कराने का विशेष अनुरोध किया।

विधायक लारिया ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि विधानसभा क्षेत्र के सभी ग्रामों में भारी वर्षा के कारण फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं और किसान भारी संकट में हैं। उन्होंने कहा कि फसल नुकसान का त्वरित आकलन कर किसानों को समय पर आर्थिक मदद प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है।

इसके साथ ही विधायक लारिया ने आगामी फसल की बुआई के लिए समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि किसानों को आगामी सत्र में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
विकास कार्यों की चर्चा करते हुए विधायक लारिया ने उपनगर मकरोनिया में सीआरआईएफ की सेतुबंधन योजना के अंतर्गत मकरोनिया चौराहे पर 900 मीटर लंबाई के फ्लाई ओवर को पुनरीक्षित कराकर 2400 मीटर लंबाई के फ्लाई ओवर निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।
विधायक ने नागरिक सुविधाओं के लिए जटाशंकर मंदिर, ग्राम पंचायत सानौधा और ग्राम पंचायत रजौआ में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 38-38 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कराने का भी अनुरोध किया। इसके अतिरिक्त, नगर परिषद कर्रापुर में विशेष निधि से विकास कार्य और मुख्य मार्ग सानौधा से सिमरिया (मझगुवां) तथा एसएएफ बटालियन से नरवानी मार्ग के निर्माण हेतु लोक निर्माण विभाग की स्थाई वित्तीय समिति से प्रशासकीय स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक लारिया को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उनके फसल नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही नरयावली क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता से स्वीकृत कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
विधायक लारिया ने इस अवसर पर प्रदेश सरकार के सहयोग और किसानों के हित में सक्रिय कदम उठाने की सराहना की।