सागर, 11 अक्टूबर 2025: शासकीय प्राथमिक शाला रिछा, जन शिक्षा केंद्र बरोदियाकलां, विकासखंड मालथौन में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं ने स्वच्छता, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विद्यालय में शिक्षक विजय सिंह गौड़ के मार्गदर्शन में छात्राओं ने अपने माता-पिता के नाम पर पेड़ लगाए और उनकी देखभाल की। इस पहल में संतरा, नींबू, अमरूद, आवला, आम, नीम, कदम, बादाम, शहदूत, गुलाब, चंपा, चमेली, मोगरा, गेंदा और जैसन जैसे दर्जनों फलदार, छायादार और फूलदार पौधे शामिल थे।
छात्राओं ने विद्यालय परिसर और शौचालय की स्वच्छता का भी ध्यान रखा, जिससे न केवल विद्यालय का वातावरण स्वस्थ और हरा-भरा बना बल्कि बच्चों में स्वच्छता, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना भी विकसित हुई। शिक्षकों और बच्चों की सहभागिता से इस कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई और बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया।

विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस तरह की पहल से छात्रों में स्वच्छता और पर्यावरण के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ती है। नियमित रखरखाव और छात्रों की सक्रिय भागीदारी से स्वस्थ और सुंदर वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।