झोलाछाप डॉक्टरों पर होगी सख्त कार्रवाई — कलेक्टर संदीप जी.आर. !

Spread the love

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी शासकीय अस्पतालों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि सभी डॉक्टर अपनी ड्यूटी समय पर करें और प्रातःकाल व सायंकाल दोनों समय ओपीडी में उपस्थित रहकर मरीजों का इलाज सुनिश्चित करें। इस संबंध में एसडीएम को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि अनुपस्थित पाए जाने वाले डॉक्टरों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए। उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में कई झोलाछाप डॉक्टर अवैध रूप से इलाज कर रहे हैं, जिससे आमजन को नुकसान होता है। ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उनकी डिग्रियों की जांच की जाए और आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाए।

श्री संदीप जी.आर. ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सरकारी अस्पतालों में निर्धारित समय पर सभी तैनात डॉक्टर मौजूद रहें और मरीजों को उचित इलाज मिले। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय अस्पतालों में शासन द्वारा निर्धारित जांचें निःशुल्क की जाएं और एनसीडी योजना के तहत आवश्यक जांचें सुनिश्चित की जाएं।

कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया कि मेडिकल स्टोर्स की समय-समय पर जांच की जाए और नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, सभी अधिकारी एवं चिकित्सक अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें ताकि जिले के प्रत्येक मरीज को समय पर इलाज और सही दवाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *