सागर में बनेगा अत्याधुनिक कैंसर हॉस्पिटल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे शिलान्यास !

Spread the love

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन के आमंत्रण पर मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति

सागर, 14 अक्टूबर 2025 —
स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में सागर जिले के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। जिले को शीघ्र ही अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल की सौगात मिलने जा रही है। इस अस्पताल का निर्माण 80 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा, और इसका शिलान्यास मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं करेंगे। यह जानकारी विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने मंगलवार को भोपाल में मुख्यमंत्री से हुई भेंट के बाद दी।

मुख्यमंत्री से मिला सहयोग

विधायक जैन ने मुख्यमंत्री से सागर की जनता की ओर से कैंसर अस्पताल स्वीकृत किए जाने के लिए आभार जताया और उनसे आग्रह किया कि वे इस अस्पताल का शिलान्यास करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अनुरोध को सहर्ष स्वीकार करते हुए शीघ्र ही शिलान्यास करने की स्वीकृति प्रदान की।

कैंसर हॉस्पिटल से मिलेगा संपूर्ण बुंदेलखंड को लाभ

विधायक जैन ने कहा कि यह अत्याधुनिक कैंसर हॉस्पिटल न केवल सागर, बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए एक जीवनदायिनी परियोजना सिद्ध होगी। अब कैंसर जैसे गंभीर रोग के इलाज के लिए लोगों को बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। इस अस्पताल में आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

पर्ल्स निवेशकों के मुद्दे पर भी हुई चर्चा

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक जैन ने पर्ल्स निवेशकों के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में निवेशकों की पूंजी लंबे समय से अटकी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कंपनी की जप्तशुदा संपत्तियों की नीलामी कर, निवेशकों को उनकी राशि वापस दिलाई जाए। मुख्यमंत्री ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

सागर को मिल रहीं तीन बड़ी सौगातें

विधायक जैन ने जानकारी दी कि अब सागर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में तीन प्रमुख परियोजनाओं की सौगात मिल रही है:

  1. रानी अवंतीबाई लोधी राजकीय विश्वविद्यालय
  2. आचार्य विद्यासागर आयुर्वेद महाविद्यालय
  3. अत्याधुनिक कैंसर हॉस्पिटल

इन तीनों परियोजनाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सागर को नई दिशा मिलेगी। इससे क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर भी उपलब्ध होंगे।

विधायक ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा,

“मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सागर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। कैंसर हॉस्पिटल जैसी परियोजना बुंदेलखंड के लोगों के लिए राहत और विश्वास का प्रतीक बनेगी।”

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *