कलेक्टर श्री संदीप जी. आर. के सख्त निर्देशों के तहत आज प्रशासनिक टीम ने पटाखा विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रेवासी इलाके में स्थित रमेश ताले वाले के गोदाम को सील कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, तहसीलदार श्री राहुल गौड़ के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान दुकान के समीप बने गोदाम में 500 किलो से अधिक पटाखों का अवैध भंडारण पाया गया। इस पर तत्काल गोदाम को सील कर दिया गया तथा विक्रेता के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
तहसीलदार श्री गौड़ ने बताया कि कलेक्टर श्री संदीप जी. आर. द्वारा पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में किसी भी स्थिति में पटाखों का अत्यधिक भंडारण नहीं किया जाएगा। यह कदम जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, ताकि दीपावली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना या आगजनी की संभावना को रोका जा सके।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। बिना अनुमति और निर्धारित सीमा से अधिक पटाखे रखने पर अब किसी भी विक्रेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की टीम लगातार ऐसे स्थानों की निरीक्षण कर रही है जहाँ सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा।
कलेक्टर संदीप जी. आर. ने कहा है कि दीपावली के अवसर पर पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित स्थानों और मानक मात्रा में ही की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर एफआईआर दर्ज करने तक की कार्रवाई होगी।