हड़ली गौशाला में धूमधाम से मनाया गया गोवर्धन अन्नकूट उत्सव !

Spread the love

मालथौन जनपद की ग्राम पंचायत हड़ली की गौशाला में बुधवार को गोवर्धन अन्नकूट उत्सव हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही ग्रामीणों का हुजूम गौशाला में उमड़ पड़ा। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजीं पूजा स्थल पर पहुंचीं और सामूहिक रूप से गोवर्धन पूजन संपन्न किया।

गांव के लोगों ने गौवंश की पूजा कर भगवान श्रीकृष्ण से गांव की समृद्धि और सुख-शांति की कामना की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बगोदा गांव से आए मौनियों का पारंपरिक नृत्य रहा। लोकगीतों की मधुर धुनों पर उनका मनमोहक नृत्य देखकर ग्रामीण भी झूम उठे। वहीं, स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक दिवारी गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

महिलाओं के मां जागेश्वरी महिला स्व सहायता समूह ने गौशाला परिसर को रंग-बिरंगी रंगोलियों से सजाया। वहीं, गोवर्धन पर्वत का सुंदर प्रतिरूप बनाकर उसकी विधिवत पूजा की गई। सरपंच चंदा आदिवासी ने इस अवसर पर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी और एकता एवं सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान गौपूजन, भजन-कीर्तन और सामूहिक अन्नकूट प्रसादी वितरण ने उत्सव की गरिमा बढ़ाई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी झूमते-नाचते नजर आए। अंत में आतिशबाजी ने वातावरण को रोशन कर दिया और कार्यक्रम का समापन हर्ष और उल्लास के बीच हुआ।

यह आयोजन सामाजिक एकता, लोक परंपरा और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम बनकर सभी के दिलों में बस गया। इस अवसर पर हड़ली, बोबई, सागौनी, बगोदा, हड़ुआ, गनेशपुरा सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *