मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सागर जिले में विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले का मुख्य कार्यक्रम 1 नवंबर को मोतीनगर स्थित महाकवि पद्माकर सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोहों और जनभागीदारी के साथ राज्य गौरव का उत्सव मनाया जाएगा।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग प्रमुख अपने-अपने कार्यालयों में विद्युत सज्जा करें और कार्यालयों की सफाई व साज-सज्जा पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस न केवल उत्सव का प्रतीक है, बल्कि यह राज्य के विकास, एकता और प्रगति के प्रति समर्पण का अवसर भी है।
मुख्य कार्यक्रम की सफल तैयारियों के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विवेक केवी को नोडल अधिकारी तथा आयुक्त नगर निगम सागर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर ने बताया कि स्थापना दिवस के दौरान 1 से 3 नवंबर तक जिलेभर में विविध आयोजन होंगे। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, ऐतिहासिक स्मारकों व महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई व माल्यार्पण, सरकारी अस्पतालों में मरीजों को फल-मिठाई वितरण, और गरीब बस्तियों में सामाजिक सेवा कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही स्व-सहायता समूहों और कुटीर उद्योगों के उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री भी आयोजित की जाएगी, जिससे स्थानीय महिला समूहों और लघु उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा।
कलेक्टर ने कहा कि यह अवसर प्रदेश की उपलब्धियों और जनकल्याण योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का भी है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे स्थापना दिवस को उल्लास, अनुशासन और स्वच्छता के साथ मनाएं।