मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर श्री महेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर द्वारा आगामी 09 नवम्बर से 14 नवम्बर 2025 तक न्यायोत्सव — विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस सप्ताह के अन्तर्गत कानूनी जागरूकता प्रदर्शनी, मैराथन, जेलों में कानूनी शिविर, स्कूल/कॉलेजों में विश्व शिक्षा दिवस पर जागरूकता, ग्रामीण व श्रमिक क्षेत्रों में शिविर, बाल देखभाल संस्थानों का निरीक्षण, बाल दिवस समारोह व समापन पर बाइक/साइकिल रैली सहित अनेक जनहितैषी गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।

इस श्रृंखला का पहला आयोजन आज प्रातः 07:30 बजे पी.टी.सी. ग्राउंड, सागर से शुरू हुई मैराथन रही, जिसका आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला अभिभाषक संघ सागर के संयुक्त तत्वाधान में जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के सहयोग से किया गया। मैराथन पी.टी.सी. ग्राउंड से प्रारम्भ होकर नगर के प्रमुख चौराहों और मार्गों से होते हुए जिला न्यायालय परिसर में संपन्न हुई। शुभारंभ औपचारिक रूप से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री महेश कुमार शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया।

कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश श्री प्रदीप सोनी, विशेष न्यायाधीश श्री प्रशांत कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेन्द्र सिन्हा, जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र सिंह राजपूत, सचिव जिला अधिवक्ता संघ श्री वीरेन्द्र सिंह राजपूत, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अंकित श्रीवास्वत, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री मिथिलेश डेहरिया, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारीगण, समाजसेवी संगठन, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-छात्र, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स और न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।
मैराथन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नागरिकों को अपने कानूनी अधिकारों व उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी होना अत्यावश्यक है ताकि वे अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें और समाज में समरसता व न्याय सुनिश्चित हो सके। आयोजनकर्ता कहते हैं कि सप्ताह भर होने वाले कार्यक्रमों में विशेष रूप से ग्रामीण, श्रमिक एवं शिक्षक-विद्यार्थी वर्गों को लक्षित कर अधिकार, घरेलू हिंसा, बाल अधिकार, कामगार हित और मुफ्त कानूनी परामर्श जैसे विषयों पर जागरूकता सत्र संचालित किए जाएंगे। जेलों में आयोजित कानूनी शिविरों में बंदियों को उनके अधिकारों, प्रदत्त कानूनी प्रक्रियाओं और रिहाई/कानूनी सहायता के विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अनुरोध किया है कि वे इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करें और अपने आस-पास के लोगों को भी विधिक सहायता तथा निःशुल्क परामर्श के लिए मार्गदर्शित करें, ताकि न्याय की पहुँच हर स्तर तक सुलभ हो सके। न्यायोत्सव सप्ताह का समापन बाईक/साइकिल रैली तथा पुरस्कार वितरण के साथ 14 नवम्बर को होगा, जिसमें सर्वाधिक सक्रिय संस्थाओं व व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।