प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित “डबल इंजन” सरकार की नीतियों का लाभ अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन से नरयावली विधानसभा क्षेत्र का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। गांवों में सड़कों, जल संरक्षण, स्वच्छता और शिक्षा से जुड़े कार्यों की रफ्तार बढ़ने से ग्रामीणों में विकास की नई उम्मीदें जगी हैं।

इन्हीं विकास कार्यों के अंतर्गत नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने रविवार को ग्राम बरारू और मड़ैयागौड़ में कुल 1 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया।

विधायक लारिया ने ग्राम पंचायत बरारू में बरारू से ग्यागंज तक सड़क मार्ग के डामरीकरण कार्य (लागत 96 लाख रुपये), माखन की दुकान से नाले की ओर सीसी रोड (लागत 7.32 लाख रुपये), विनोद के घर से देवी पटेल तक सीसी रोड (लागत 7.09 लाख रुपये) और हाई स्कूल भवन के सामने फेवर ब्लॉक निर्माण (लागत 7 लाख रुपये) के कार्यों की शुरुआत की। इसके अलावा, ग्राम पंचायत गढ़ौलीकला के ग्राम मड़ैयागौड़ में अमृत सरोवर निर्माण कार्य (लागत 25 लाख रुपये) का भूमिपूजन कर शिलान्यास किया।

इस अवसर पर विधायक श्री लारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “अमृत सरोवर मिशन” केवल जल संरक्षण की पहल नहीं, बल्कि यह स्थानीय जरूरतों और पर्यावरणीय संतुलन की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने बताया कि यह मिशन 24 अप्रैल 2022 को प्रारंभ किया गया था, जिसके अंतर्गत अब तक 68,827 से अधिक अमृत सरोवरों का निर्माण या पुनरुद्धार किया जा चुका है। इस योजना से देशभर में सतही एवं भूजल की उपलब्धता बढ़ाने, जल संकट के समाधान और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है। अब तक 1 लाख से अधिक संभावित स्थलों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 81 हजार से अधिक पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसी दिशा में आज नरयावली क्षेत्र के मड़ैयागौड़ में अमृत सरोवर का निर्माण किया जा रहा है।

विधायक लारिया ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण आज हर गांव तक विकास की रफ्तार पहुंच रही है। शासन की योजनाओं से आमजन का जीवनस्तर बेहतर हो रहा है और समाज सशक्त बन रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में नरयावली विधानसभा को मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान बरारू सरपंच लक्ष्मण ‘गब्बर’ पटैल द्वारा दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक लारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में बुंदेली दिवारी लोक नृत्य एवं गायन की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विधायक लारिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लोक कलाकारों और मंडलियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया।

इस मौके पर मंडल अध्यक्षगण, जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत सदस्य, सरपंचगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उत्साह और जनभागीदारी का दृश्य यह दर्शा रहा था कि जनता अब विकास की दिशा में सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है।