बीकोर कला। ग्राम बीकोर कला के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब क्षेत्रवासियों को 44 लाख रुपये की लागत से बने नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र की सौगात मिली। इस केंद्र का शुभारंभ श्रीमती सरोज भूपेंद्र सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन और अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

शुभारंभ अवसर पर श्रीमती सरोज सिंह ने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से अब ग्रामवासियों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। केंद्र में ओपीडी कक्ष, चिकित्सक कक्ष, वार्ड रूम, दवा वितरण, टीकाकरण और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लाड़ली बहना योजना से महिलाओं को आर्थिक सहयोग मिल रहा है और बेटियों के लिए साइकिल योजना ने शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा भरी है। साथ ही उन्होंने कहा कि वे लगातार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनती हैं और विधायक भूपेंद्र सिंह जी के माध्यम से उनके समाधान का प्रयास करती हैं।

इस मौके पर महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती संयोगिता राजपूत ने कहा कि पूर्व गृह मंत्री एवं विधायक भूपेंद्र सिंह जी के नेतृत्व में क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बरोदिया नगर परिषद का गठन, सड़क निर्माण, विद्यालयों का उन्नयन और अस्पतालों की व्यवस्थाओं में अभूतपूर्व सुधार हुआ है।

कार्यक्रम में नीतेश यादव (मंडल अध्यक्ष), तिलक सिंह लोधी, उदयभान सिंह बिसराहा, देवकी संतोष (जनपद सदस्य), आजाद सिंह (सरपंच, रैड़ोन), अरविंद सिंह लोधी (मंडल अध्यक्ष), राजाराम लोधी, महेंद्र तिगरा, विष्णु बघेल (ठेकेदार), मीना देवी (नगर परिषद अध्यक्ष), पंथी आर.सी. दुबे, बलबीर सिंह राजपूत (जनपद उपाध्यक्ष), हर्ष सेन (सरपंच), आशीष पटेरिया, बादल सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ग्रामवासियों ने श्रीमती सरोज सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उप स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगा।