खुरई क्षेत्र को एक और बड़ी विकास सौगात मिली है। खेरा नाका से रजवास रोड तक 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमि पूजन युवा नेता अविराज सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भारी उपस्थिति रही।

भूमि पूजन समारोह को संबोधित करते हुए अविराज सिंह ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता अटूट है। उन्होंने कहा, “विकास की गंगा निरंतर बहेगी, समृद्ध खुरई हमारा संकल्प है।” उन्होंने पूर्व गृह मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेंद्र भैया के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि जनसेवा ही उनका सर्वोच्च धर्म है।

अविराज सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाते हुए हमें सभी का सम्मान और सेवा करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशा त्यागने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “नशा युवाओं का समय बर्बाद करता है और माताओं को कष्ट देता है, इसलिए इससे दूर रहना आवश्यक है।”
उन्होंने बताया कि पूर्व गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में खुरई में अब तक 9 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इसमें मुक्तिधाम सौंदर्यीकरण, भूतेश्वर महादेव मंदिर और पातालीय हनुमान मंदिर निर्माण, सीसी रोड, आरसीसी नालियां और स्ट्रीट लाइट्स की स्थापना शामिल हैं। आगे की योजनाओं में शिव मंदिर निर्माण, 6 इंच की पाइपलाइन बिछाने, और सामुदायिक भवन निर्माण के कार्य शीघ्र शुरू करने की घोषणा की गई।

अविराज सिंह ने कहा कि जनता की हर मांग को प्राथमिकता दी जाएगी और भाजपा सरकार जनविश्वास तथा विकास की प्रतीक बनी रहेगी। उन्होंने विधायक कार्यालय में नागरिकों से भेंटकर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में नपा अध्यक्ष नन्ही बाई अहिरवार, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चौधरी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रविंद्र राजपूत, धनौरा मंडल अध्यक्ष राजपाल सिंह राजपूत, रश्मि सोनी (महिला मोर्चा अध्यक्ष) सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने कहा कि अविराज सिंह जैसे युवा नेता के नेतृत्व में खुरई का विकास तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।