कलेक्टर श्री संदीप जी. आर. के निर्देश पर निरीक्षण !

Spread the love

कलेक्टर श्री संदीप जी. आर. के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन सागर द्वारा गौरझामर क्षेत्र में निरीक्षण एवं कार्रवाई की गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी को लगातार फोन कॉल के माध्यम से एक्सपायरी (Expired) खाद्य पदार्थों की बिक्री संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों के सत्यापन हेतु गौरझामर स्थित सुनील ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ता को बार-बार फोन कर यह जानकारी मांगी गई कि कौन-कौन से खाद्य पदार्थ एक्सपायरी स्थिति में बेचे जा रहे हैं, परंतु शिकायतकर्ता द्वारा कोई स्पष्ट विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया। दुकान में रखे सभी खाद्य पदार्थों की बारीकी से जांच की गई, जिसमें कोई भी एक्सपायरी सामग्री नहीं पाई गई

हालांकि, शंका के आधार पर दुकान से पोहा एवं पिंड खजूर के नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।

इसी क्रम में बीकानेर मिष्ठान भंडार का भी निरीक्षण किया गया, जहां से नमकीन के नमूने संदेहास्पद पाए जाने पर जांच हेतु संग्रहित कर भोपाल प्रयोगशाला भेजे गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इससे पूर्व भी एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री संबंधी शिकायतों पर सनत ट्रेडर्स, अतिशय किराना इत्यादि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है। उस समय नमकीन, टोस्ट, पोहा, सूजी, बेसन आदि के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट अभी लंबित है।

जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर श्री संदीप जी. आर. ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से कोई भी खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *