कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप जी.आर. ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्य में और गति लाई जाए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बीएलओ और सुपरवाइजर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र व्यक्ति नामावली में शामिल न हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीएलओ संबंधित मतदान केंद्र के 100 प्रतिशत मतदाताओं को गणना पत्रक वितरित करें, उसे भरवाकर वापस प्राप्त करें और तत्पश्चात बीएलओ ऐप पर अपलोड करें।
श्री संदीप जी.आर. ने विधानसभावार प्रगति की समीक्षा करते हुए ईआरओ और एईआरओ को नियमित रूप से भ्रमण कर मैदानी मानीटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गणना पत्रक बीएलओ को उपलब्ध करा दिए गए हैं और कार्य में अन्य विभागों के स्थानीय अमले का सहयोग लिया जाए। किसी भी कठिनाई की स्थिति में जिला निर्वाचन कार्यालय या संबंधित ईआरओ से तत्काल मार्गदर्शन प्राप्त करें।