भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश एवं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संदीप जी आर के मार्गदर्शन में जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत घर-घर जाकर अधिकारी एवं बूथ लेवल अधिकारी (BLO) द्वारा मतदाता गणना पत्रक का वितरण और जानकारी संकलन का कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत आज खुरई पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर मतदाताओं से पुनरीक्षण सर्वे से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने स्वयं घरों में जाकर मतदाताओं से चर्चा की और गणना पत्रक का वितरण कराया।
श्री रावत ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने मौके पर उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों से गणना पत्रक भरने की प्रक्रिया और उसमें आ रही समस्याओं के संबंध में चर्चा की तथा तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सुनिश्चित रूप से जोड़ा जाए और इस कार्य में पारदर्शिता व तत्परता बनाए रखी जाए।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटि-मुक्त बनाना है, ताकि आगामी निर्वाचन में कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।