इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सागर शाखा द्वारा चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम उठाते हुए बुंदेलखंड शासकीय मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग को फंक्शनल एंडोस्कोपिक साइनस सर्जरी (FESS) से संबंधित अत्याधुनिक एवं उपयोगी उपकरण दान किए गए। यह उपकरण साइनस रोगों के सटीक निदान और उन्नत उपचार में सहायक होंगे, जिससे मरीजों को न्यूनतम दर्द और तेज़ राहत मिल सकेगी।

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने आईएमए सागर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम न केवल चिकित्सा सुविधाओं को सशक्त बनाएगा, बल्कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए गुणवत्तापूर्ण इलाज की नई उम्मीद भी जगाएगा।
आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने बताया कि संगठन का उद्देश्य है कि बुंदेलखंड जैसे पिछड़े क्षेत्रों में भी विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि ये उपकरण गरीब मरीजों को उन्नत साइनस सर्जरी का लाभ पहुँचाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही नेत्र चिकित्सा, सर्जरी और अन्य विभागों के लिए भी आवश्यक चिकित्सा उपकरण दान किए जाएंगे।

आईएमए सचिव डॉ. रोशी जैन, डॉ. सर्वेश जैन, डॉ. रीमा गोस्वामी, डॉ. प्रवीण खरे, डॉ. मोहम्मद इलयास, डॉ. नीतू बजाज, डॉ. सत्येंद्र मिश्रा, डॉ. शशि बाला और डॉ. संजय प्रसाद सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
इस पहल से क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक परिवर्तन आने की उम्मीद है, जिससे हजारों मरीजों को बेहतर इलाज और अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही, आईएमए सागर का यह कदम समाज में अन्य संस्थानों को भी परोपकारी कार्यों की प्रेरणा प्रदान करेगा।