धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के समापन वर्ष पर जिला प्रशासन सागर द्वारा जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन 15 नवंबर को विकासखंड केसली के हाट बाजार परिसर में किया जा रहा है। जिला स्तरीय इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का दोपहर 2:45 बजे होने वाला सजीव प्रसारण रहेगा, जिसे देखने के लिए व्यापक व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत विशेष रूप से शामिल होंगे।

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए निर्देशित किया है कि कार्यक्रम के सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा प्रधानमंत्री के लाइव प्रसारण को देखने के लिए उचित तकनीकी व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही पूरे जिले के सभी विकासखंडों में भी जनजातीय गौरव दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।
केसली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में शोभायात्रा/पैदल यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिससे जनजातीय समाज की सांस्कृतिक धरोहर से आमजन को रूबरू कराया जा सके। कार्यक्रम में जनजातीय वर्ग के लब्धप्राप्त व्यक्तियों, विशिष्ट योगदान देने वाले नागरिकों तथा प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा।
साथ ही जनजातीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी और पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि यह आयोजन जनजातीय समाज के गौरव, उनकी परंपराओं और योगदान पर जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता को मजबूत करे।