मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार और प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सागर श्री महेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में 9 से 14 नवंबर 2025 तक न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सप्ताह के प्रत्येक दिन विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना है।

बाइक रैली को मिली हरी झंडी
इसी क्रम में आज आयोजित बाइक रैली का शुभारंभ माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सागर श्री महेश कुमार शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के समस्त न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुख्य रूप से अभिभाषक संघ के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र सिंह राजपूत, अभिभाषक संघ के सचिव वीरेन्द्र सिंह राजपूत, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स तथा जिला पदस्थ न्यायाधीशगण की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुज़री जागरूकता रैली
बाइक रैली का प्रारंभ जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर से हुआ, जो नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होकर पुनः न्यायालय परिसर में ही संपन्न हुई। रैली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, न्यायालयीन कर्मचारी, अधिवक्ता, पुलिस एवं यातायात विभाग के कर्मचारी, पैरा लीगल वॉलेंटियर्स, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों (NGO) के सदस्य शामिल हुए।
नालसा थीम सॉन्ग व तख्तियों से की गई जागरूकता
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न तख्तियों, पोस्टरों और NALSA थीम सॉन्ग के माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, कमजोर वर्गों के अधिकार, त्वरित न्याय प्रणाली और विधिक जागरूकता के प्रति संदेश दिए।
उद्देश्य—सभी तक न्याय की पहुंच
न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना और विधिक साक्षरता को जन-जन तक पहुंचाना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर द्वारा आयोजित यह बाइक रैली इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।