कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी और पारदर्शी तरीके से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों और बी.एल.ओ. (बूथ स्तर अधिकारी) को स्पष्ट और आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का आधार है। उन्होंने सभी अधिकारियों और बी.एल.ओ. को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर ही वास्तविक मतदाता या परिवार के वयस्क सदस्य को ई.एफ. (नामांकन प्रपत्र) वितरित करें। ई.एफ. की दोनों प्रतियां मतदाता को देने के बाद बी.एल.ओ. ऐप पर ‘Delivered’ विकल्प अवश्य अंकित करना होगा।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि वितरण के दौरान मतदाताओं को 2003 की मैपिंग (मानचित्रण) के बारे में विस्तृत जानकारी दें। यदि संबंधित डेटा उपलब्ध हो, तो उसे लिखित रूप में प्रदान करना भी अनिवार्य है। बी.एल.ओ. को ई.एफ. भरवाने में भी सहायता करनी होगी और भरे हुए प्रपत्र को तुरंत ऐप पर डिजिटाइज (डिजिटल रूप में अपलोड) करना होगा।
इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने पर्यवेक्षकों को अधिक से अधिक निरीक्षण और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया है, ताकि अभियान के सभी चरणों का सटीक और समयबद्ध क्रियान्वयन हो सके। उन्होंने कहा कि यह अभियान मतदाता सूची के परिमार्जन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी संबंधित अधिकारी अपने उत्तरदायित्व पूर्ण समर्पण के साथ निभाएँ।
कलेक्टर श्री संदीप जी आर के ये निर्देश मतदाता सूची को सटीक, पारदर्शी और अपडेटेड बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं। अधिकारियों और बी.एल.ओ. से उम्मीद जताई गई है कि वे इसे पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ क्रियान्वित करेंगे, ताकि आगामी चुनावों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती मिल सके।