खुरई में यूनिटी मार्च का भव्य आयोजन: सांसद लता वानखेड़े और पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने एकता व राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया !

Spread the love

खुरई में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर एक भव्य यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व सागर लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रीमती लता वानखेड़े ने किया। मार्च में हजारों कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एकता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

मार्च नगर के मुख्य मार्गों से निकला, जहां जगह-जगह स्वागत द्वारों, पुष्प वर्षा और नारों के साथ प्रतिभागियों का अभिनंदन किया गया। भारत माता, सरदार पटेल और कई महापुरुषों के जीवंत प्रतिरूपों से सजा यह मार्च विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह का संबोधन

सभा में पूर्व गृहमंत्री व खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि जो राष्ट्र अपने महापुरुषों का सम्मान नहीं करता, वह गुलामी की ओर बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि खुरई के सरदार पटेल ऑडिटोरियम परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल को वह सम्मान दिया, जिसे कांग्रेस सरकारों ने दशकों तक दबाए रखा था।
उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति बनने की ओर अग्रसर है और यह सरदार पटेल के एकीकरण तथा पीएम मोदी की नेतृत्व क्षमता का परिणाम है।

सांसद लता वानखेड़े ने दिलाई एकता की शपथ

सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने कार्यक्रम में सभी को आत्मनिर्भर भारत संकल्प और नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोना सरदार पटेल की ऐतिहासिक उपलब्धि थी, परंतु उन्हें कांग्रेस सरकारों ने भुला दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ जैसी विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाकर उन्हें उचित सम्मान दिया।
उन्होंने कहा कि जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर राष्ट्र सबसे पहले है और तिरंगे का सम्मान हर भारतीय का कर्तव्य है।

भाजपा जिला अध्यक्ष का वक्तव्य

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि सरदार पटेल ने बुद्धि, विवेक और कठोर निर्णयों के सहारे भारत को एक किया। जम्मू-कश्मीर, जूनागढ़ और हैदराबाद का भारत में विलय उनका साहसिक कदम था।

भारी जनसहभागिता

मार्च में भाजपा के मंडल अध्यक्ष, पार्षद, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा हजारों नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष नीतिराज पटेल ने किया।

खुरई में आयोजित यह यूनिटी मार्च न केवल सरदार पटेल के योगदान को याद करने का अवसर बना, बल्कि समाज में एकता, राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक गर्व की भावना को भी मजबूती प्रदान करता नजर आया।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददता – अर्पित सेन
7806077338, 9009619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *