इंदौर में यातायात अनुशासन को सख्ती से लागू करने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार अभियान चला रही है। बुधवार को शहर के अलग-अलग चौराहों और व्यस्त मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें बिना हेलमेट चलने वाले दोपहिया चालकों से लेकर बस, ई-रिक्शा और ऑटो जैसे सार्वजनिक परिवहन वाहनों पर नियम उल्लंघन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।

605 बिना हेलमेट चालकों पर कार्रवाई
सड़क हादसों में सिर की चोटों से होने वाली मौतों को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया चालकों पर कड़ी कार्रवाई की। दिनभर की चेकिंग में 605 चालकों के चालान काटे गए। पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है और यातायात नियमों का पालन करते हुए अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
159 वाहन नो-पार्किंग से हटाए
ट्रैफिक बाधित कर रहे वाहनों के खिलाफ भी सख्ती दिखाते हुए शहर के प्रमुख इलाकों और चौराहों से 159 गाड़ियों को नो-पार्किंग जोन से हटाया गया। इनमें कई वाहनों पर चालान भी बनाए गए। पुलिस के अनुसार अवैध पार्किंग के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन रही थी, जिसे तुरंत कार्रवाई कर दुरुस्त किया गया।
ई-रिक्शा और ऑटो पर कार्रवाई

ओवरलोडिंग, प्रतिबंधित मार्गों पर चलने और वन-वे नियम का पालन न करने पर 67 ई-रिक्शा और ऑटो चालकों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन वाहनों द्वारा की जाने वाली लापरवाही यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरनाक होती है, इसलिए ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी जारी रहेगी।
बस ऑपरेटरों पर कड़ी निगरानी
ट्रैफिक पुलिस ने बसों पर भी विशेष अभियान चलाते हुए 26 बसों पर अधिक सवारी, निर्धारित पॉइंट के बाहर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने, वर्दी न पहनने और गलत तरीके से पार्किंग जैसे उल्लंघनों पर कार्रवाई की। बस चालकों और ऑपरेटरों को चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने पर आगे और कठोर कदम उठाए जाएंगे।
अभियान आगे भी जारी रहेगा
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि शहर में सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलते रहेंगे। अभियान का असर भी दिखने लगा है, क्योंकि शहर में नियमों का पालन करने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है।