विधायक बने बंदर…हाथ में उस्तरा;भाजपा विधायकों ने पुलिस को घेरा !

Spread the love

भोपाल में चल रहे मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन गुरुवार को सदन के भीतर और बाहर दोनों जगह जमकर हंगामा हुआ। कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने फसल मुआवजा और राहत राशि जैसे मुद्दों को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया।

कांग्रेस विधायक का ‘बंदर’ वेश में विरोध प्रदर्शन

जुन्नारदेव से कांग्रेस विधायक सुनील उईके बंदर के वेश में विधानसभा पहुंचे। हाथ में पोस्टर और एक उस्तरा लिए उईके ने कहा कि यह सरकार और सिस्टम की नीतियों का प्रतीक है, जो किसानों, युवाओं और गरीबों को घायल कर रही हैं।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी मौजूद रहे।

सदन में हंगामा, कांग्रेस का वॉकआउट

सदन की कार्यवाही प्रारंभ होते ही कांग्रेस विधायकों ने खराब फसलों के मुआवजे का मुद्दा उठाया।
मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर सभी कांग्रेस विधायकों ने वॉकआउट कर दिया और बाहर आकर नारेबाजी शुरू कर दी।

कटनी की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में व्यापारी के घर हुई आगजनी का मुद्दा भी सदन में गूंजा।
भाजपा विधायकों प्रणय प्रभात पांडे, अभिलाष पांडे और संदीप जायसवाल ने पुलिस पर मनमानी और गलत धाराएं लगाने का आरोप लगाया।

मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई की है और किसी समाज में आक्रोश नहीं है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि कहीं गड़बड़ी पाई गई तो थाने से अलग स्टाफ बुलाकर जांच कराई जाएगी।
विधायक संदीप जायसवाल ने सीसीटीवी फुटेज से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

श्योपुर के किसानों की राहत राशि पर घमासान

कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने श्योपुर जिले के किसानों के खाते में राहत राशि न पहुंचने का मुद्दा उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 16,000 रुपये प्रति हेक्टेयर देने का वादा भूल गई है।
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने स्वीकार किया कि कुछ खातों में राशि नहीं पहुंची है और कहा कि जल्द राशि भेजी जाएगी।

10 से कम बच्चों वाले स्कूल होंगे मर्ज

स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि जिन सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या 10 से कम है, उन्हें एक किलोमीटर के दायरे में स्थित बड़े स्कूलों में मर्ज किया जाएगा।
साथ ही इन स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों को दूरस्थ रिक्त पदों पर भेजा जाएगा।

VIT यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई की तैयारी

उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने बताया कि VIT यूनिवर्सिटी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
विश्वविद्यालय को 7 दिन में जवाब देना होगा, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों पर दर्ज एफआईआर अज्ञात लोगों पर की गई है और पुलिस जांच जारी है।

अनुपूरक बजट पर आज चर्चा

सदन में आज 13476 करोड़ 94 लाख रुपये के दूसरे अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी।
मंगलवार को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा बजट पेश कर चुके हैं, जिस पर आज बीजेपी और कांग्रेस के विधायकों के बीच बहस होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *