बीना में सिंचाई के लिए रात की बिजली आपूर्ति से परेशान किसान, विद्युत कंपनी कार्यालय के बाहर दिया धरना !

Spread the love

बीना क्षेत्र में सिंचाई के लिए रात में बिजली मिलने से परेशान किसानों ने गुरुवार को विद्युत कंपनी कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। गढ़ा, गोदना, पड़रिया, हड़कुल और पार सहित आसपास के गांवों के किसानों ने एकजुट होकर बिजली आपूर्ति का समय बदलने की मांग उठाई। किसानों का कहना है कि वर्तमान में बिजली सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे और रात 1 बजे से 5 बजे तक मिल रही है, जिससे कड़ाके की ठंड में रात में खेतों में सिंचाई करना बेहद कठिन हो गया है। इस दौरान मजदूर भी उपलब्ध नहीं होते और खेतों में हादसे का खतरा बना रहता है।

किसानों ने बताया कि कम वोल्टेज के कारण मोटरें पर्याप्त रूप से नहीं चल पातीं, जिससे फसलों को समय पर पानी नहीं मिल पाता और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ जाती है। बिजली समय में बदलाव की मांग को लेकर किसान नेता इंदर सिंह ठाकुर भी धरने में पहुंचे और किसानों की समस्याओं को जायज बताते हुए उनकी मांगों का समर्थन किया।

धरने के दौरान विद्युत कंपनी के कार्यपालन और सहायक यंत्री बी.एस. तोमर ने किसानों की बात सुनी और वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कराई। हालांकि, बैठक में कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका और किसानों को सिर्फ आश्वासन दिया गया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों में दिन के समय बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे चक्काजाम जैसे कठोर आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *