कॉलेज छात्रा ज्योति की मौत, परिजन बोले हत्या, पांच छात्रों पर FIR दर्ज !

Spread the love

भिंड में 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा ज्योति की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है। मंगलवार दोपहर फूप थाना क्षेत्र की चंबल नदी से छात्रा का शव बरामद हुआ। पुलिस ने प्रारंभिक रूप से इसे आत्महत्या मानते हुए जांच शुरू की, जबकि परिजन इसे हत्या बता रहे हैं। परिवार की मांग है कि पांचों आरोपित छात्रों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

परिजनों के अनुसार, मौत से कुछ समय पहले ज्योति ने अपने भाई को व्हाट्सएप पर लंबा मैसेज भेजा था। मैसेज में उसने आरोप लगाया कि दीपक, राजन, काजल, छाया और पवन राजावत ने उसे ब्लैकमेल किया, फोटो वायरल करने की धमकी दी और मानसिक प्रताड़ना दी। इस आधार पर पुलिस ने इन सभी छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

ज्योति भिंड के फेज-दो क्षेत्र की निवासी थी और बीए सेकंड ईयर में पढ़ती थी। मंगलवार को उसने परिवार से कहा कि वह पीएमश्री एमजेएस कॉलेज जा रही है। थोड़ी देर बाद सूचना मिली कि फूप इलाके की चंबल नदी में एक लड़की ने छलांग लगा दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पास में उसका कॉलेज बैग भी मिला, जिसमें पानी और शराब की बोतल मिली, जिससे घटना और संदिग्ध मानी जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया

परिवार का कहना है कि ज्योति लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना और दबाव झेल रही थी। मोबाइल पर लगातार धमकियां मिल रही थीं कि अगर उसने किसी की बात नहीं मानी तो उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी जाएगी। परिवार ने कहा कि यह केवल आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश थी।

ज्योति के अंतिम संदेश में लिखा था:
“भाई, मैं हार गई इन दिमाग वाले लोगों से… जिन्होंने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी। दीपक ने मुझे लगातार धमकाया और मेरी फोटो काजल और छाया को दे दी। राजन ने झूठ बोलकर मुझसे रिश्ता बनाया। अब मैं और नहीं जी सकती।”

परिजन शव लेने के लिए तीन दिन तक इंतजार करते रहे। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, शव नहीं उठाएंगे। अंततः FIR दर्ज होने और अधिकारियों की समझाइश के बाद परिवार ने शव लेने की अनुमति दी।

फूप थाना प्रभारी एसडीओपी रवींद्र वास्कले ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन छात्रा के मैसेज और परिजनों के आरोपों के आधार पर हर एंगल से जांच की जा रही है। तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना की जाएगी।

पुलिस ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और संवेदनशीलता बढ़ा दी गई है और सभी पक्षों को बुलाकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *