भोपाल: 27 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर दी जान !

Spread the love

राजधानी के कोलार इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय युवती ने बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतका सुजाता खंडाले मदर टेरेसा स्कूल में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थीं। शुक्रवार रात करीब दस बजे उन्होंने अपने घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया।

शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।

जन्मदिन के दिन ही उठाया खौफनाक कदम
पुलिस के अनुसार न्यू ओम नगर निवासी सुजाता का शुक्रवार को ही जन्मदिन था। इसी दिन उन्होंने यह चरम कदम उठा लिया। परिजनों ने उन्हें फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बीमारी के कारण सुसाइड का जिक्र
घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। एएसआई मनोज नागवंशी ने बताया कि युवती ने नोट में बीमारी से तंग आकर जान देने की बात लिखी है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वह किस बीमारी से पीड़ित थीं। पुलिस ने बताया कि अभी परिजनों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं, इसलिए बीमारी और मानसिक स्थिति से जुड़े तथ्य सामने आने बाकी हैं।

परिजनों से मांगी माफी
सुसाइड नोट में सुजाता ने मां-पिता सहित सभी परिवारजनों से माफी मांगते हुए लिखा—
“मेरी मौत की जिम्मेदार मैं ही हूं। अब और सहन नहीं कर सकती। इस बीमारी से तंग आ चुकी हूं।”

पूरे नोट में उन्होंने बीमारी के प्रकार का उल्लेख नहीं किया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
कोलार थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सुजाता के स्वास्थ्य, मानसिक स्थिति और बीमारी से जुड़े पहलुओं की भी जांच करेगी।

घटना से परिवार और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *