सागर में देहदान को लेकर बढ़ती जागरूकता का उदाहरण पेश करते हुए बरियाघाट निवासी 82 वर्षीय हीरालाल शर्मा का निधन के बाद बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में देहदान किया गया। विशेष बात यह रही कि उन्होंने अपनी मृत्यु से केवल एक दिन पहले (7 दिसंबर) ही देहदान का फॉर्म भरा था। सोमवार को निधन के बाद परिजन पार्थिव शरीर लेकर बीएमसी पहुंचे, जहां शासन के नियमानुसार उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

भतीजे सूर्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि चाचा की अंतिम इच्छा को पूरा करने हेतु मृत्यु के 6 घंटे के भीतर एनाटॉमी विभाग को सूचना दी गई। बीएमसी डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने बताया कि यह महाविद्यालय का तीसरा देहदान है जिसे शासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि दान की गई देह छात्रों के शिक्षण कार्य में अत्यंत उपयोगी होगी।
देहदान प्रक्रिया के दौरान परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे। वर्ष 2010 से अब तक बीएमसी में 72 देहदान हो चुके हैं, जिनमें से 32 देह अभी भी संस्थान में संरक्षित हैं।
