खजुराहो कैबिनेट बैठक में बुंदेलखंड को बड़ी सौगातें !

Spread the love

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को खजुराहो में हुई कैबिनेट बैठक के बाद बुंदेलखंड के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि दमोह, टीकमगढ़, पन्ना और कटनी में नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे, जिनमें अगले शैक्षणिक सत्र से प्रवेश की तैयारी है।

इसके साथ ही दमोह की झापड़ नाला माध्यम सिंचाई परियोजना को 165 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। वहीं, सागर-दमोह फोरलेन सड़क बनाने का ऐलान किया गया, जो दो राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ेगी।

सागर में बनेगा बड़ा इंडस्ट्रियल पार्क

सीएम ने कहा कि सागर में नया इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किया जाएगा, जिससे 30 हजार से ज्यादा रोजगार पैदा होंगे और 24 हजार करोड़ रुपए से अधिक का निवेश आएगा।
खजुराहो में कन्वेंशन हॉल के साथ पीपीपी मोड पर फाइव स्टार होटल बनाने की योजना है।

पर्यटन को बढ़ावा: पन्ना पार्क को नई सौगात

पर्यटन को मजबूत करने के उद्देश्य से पन्ना नेशनल पार्क के लिए 10 नई कैंटर बसों की शुरुआत की गई है। इससे बड़े ग्रुप भी साथ में सफारी का आनंद ले सकेंगे।

सीएम ने कहा कि पन्ना पार्क हाथियों के लिए आदर्श स्थान बन रहा है और यहां उनका परिवार लगातार बढ़ रहा है।

जनवरी में आएंगे 8 नए चीते

राज्य में चीता पुनर्स्थापन योजना के तहत दुर्गावती और नौरादेही अभयारण्यों में पुनर्वास कार्य शुरू होगा।
वर्तमान में कूनो में 28 और गांधीसागर में 2 चीते हैं, जबकि जनवरी में बोत्सवाना से 8 चीते लाए जाएंगे।

फायर सर्विस, अस्पताल और विदेश प्रशिक्षण की सौगात

  • अग्निशमन सेवा विस्तार के लिए 397 करोड़ रुपए स्वीकृत
  • अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के 600 युवाओं को जर्मनी और जापान भेजा जाएगा
  • राज्य के 12 अस्पताल अपग्रेड होंगे

मंत्रियों ने पन्ना टाइगर रिजर्व में की सफारी

मंगलवार सुबह मंत्री दल पन्ना टाइगर रिजर्व पहुंचे और मड़ला गेट से सफारी की।
मंत्री प्रहलाद पटेल और लखन पटेल ने बताया कि “टाइगर दो बार देखने को मिले, सभी जानवर बेहद हेल्दी हैं।”

फील्ड डायरेक्टर नरेश यादव ने मंत्रियों को पीटीआर की विशेष कैप पहनाकर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री तीन दिन रहे खजुराहो में

मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि इतिहास में पहली बार कोई मुख्यमंत्री तीन दिन तक खजुराहो में रुके और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
सीएम ने कहा कि G-20 के बाद कन्वेंशन सेंटर के बेहतर उपयोग के लिए यहां कैबिनेट बैठक रखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *