राज्यसभा में फिर गरजीं AAP सांसद स्वाति मालीवाल !

Spread the love

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने सदन में एक बार फिर अपनी ही पार्टी की नेतृत्व शैली और पंजाब सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने पंजाब में अवैध रेत खनन, प्रशासनिक लापरवाही और बड़े नेताओं की भूमिका को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। भाषण के दौरान उन्होंने बिना नाम लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर भी तीखे तंज कसे।


“दिल्ली का बेटा अब पंजाब दा पुत्त”—केजरीवाल पर तंज

स्वाति मालीवाल ने अपने भाषण में कहा कि “दिल्ली के एक बड़े नेता, जो खुद को दिल्ली का बेटा कहते थे, आजकल अपनी सुविधा के लिए पंजाब दा पुत्त बन गए हैं और दोबारा शीश महल की जिंदगी जी रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली के कई रिजेक्टेड एक्स-MLA पंजाब में बैठकर अपना रिटायरमेंट प्लान बना रहे हैं।


अवैध रेत खनन पर कड़ा हमला—CBI–ED जांच की मांग

राज्यसभा में मालीवाल ने दावा किया कि पंजाब में बड़े नेताओं और अधिकारियों की शह पर अवैध सेंड माइनिंग धड़ल्ले से चल रही है। उन्होंने कहा—

  • पंजाब पर 4 लाख करोड़ का कर्ज है
  • सतलुज, ब्यास और रावी जैसी नदियां अवैध माइनिंग से “खोखली” हो चुकी हैं
  • रात के अंधेरे में ट्रकों में रेत भरकर चोरी की जा रही है
  • इससे गांवों में कटान, खेतों को नुकसान और पुलों–सड़कों की नींव कमजोर हो रही है

उन्होंने कहा— “CBI–ED से जांच कराई जाए, तब पता चलेगा कि पैसे किस देश में भेजे गए और कौन-कौन इस महा-भ्रष्टाचार में शामिल है।”


स्वाति मालीवाल के भाषण की बड़ी बातें

1. रेवेन्यू की ‘99% लूट’ का आरोप

मालीवाल ने कहा कि वादा किया गया था कि रेत 5.5 रुपए प्रति क्यूबिक फीट मिलेगी, लेकिन आज भी लोग 35–40 रुपए में खरीद रहे हैं।

माइनिंग से 20 हजार करोड़ आने का दावा था, जबकि आया केवल 200 करोड़
उन्होंने इसे 99% रेवेन्यू की लूट बताया।

2. पंजाब की बाढ़ ‘मैनमेड डिजास्टर’

उन्होंने कहा कि—

  • हाईकोर्ट ने जनवरी 2025 में चेतावनी दी थी कि अवैध माइनिंग से नदी का फ्लो बिगड़ेगा
  • अगस्त 2025 में पंजाब में 40 साल की सबसे भयंकर बाढ़ आई
  • हजारों घर और लाखों किसानों की फसलें बह गईं

मालीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार ने जियो-टैगिंग और सर्विलांस के आदेशों का पालन नहीं किया।

3. पंजाब के साथ विश्वासघात

उन्होंने कहा— “यह पंजाब की जनता के साथ साफ-साफ विश्वासघात है। नहीं रूके तो न इकोलॉजी बचेगी, न इकोनॉमी और न पंजाब का भविष्य।”


AAP नेताओं की प्रतिक्रिया

  • AAP प्रदेश महासचिव बलतेज सिंह पन्नू ने कहा कि उन्होंने अभी मालीवाल का बयान नहीं सुना है, इसलिए कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
  • AAP प्रवक्ता नील गर्ग ने भी कहा कि वह बयान से अवगत नहीं हैं और इस पर फिलहाल कुछ नहीं कह सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *