अतिक्रमण का नया तरीका: सड़कों के ऊपर बने पक्के ब्रिज, कार्रवाई पर सवाल !

Spread the love

सागर शहर के नगरीय और उपनगरीय इलाकों में अतिक्रमण के नए तरीके सामने आ रहे हैं। अब लोग अपनी सुविधा के लिए सार्वजनिक सड़कों के ऊपर ही मकानों को जोड़ने के लिए पक्के ब्रिज बना रहे हैं, जिससे आम लोगों की आवाजाही पर सीधा असर पड़ रहा है।

मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 रामलला वार्ड स्थित कृष्णा टेंट वाली गली में दिनेश दक्ष द्वारा दो मकानों को जोड़ने के लिए सड़क के ऊपर पक्का ब्रिज बना दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रामलला वार्ड की पार्षद दिनेश दक्ष की पत्नी हैं, इसी कारण इस अवैध निर्माण पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

इसी तरह नगर निगम क्षेत्र के संतकंवर राम वार्ड में भी अतिक्रमण का मामला सामने आया है। यहां बटूमल वल्द सहजूमल ने अपने तीन मंजिला भवन को पहली मंजिल से ही आम रास्ते के ऊपर पक्का पुल बनाकर जोड़ लिया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस पुल के कारण सड़क का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह ढंक गया है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के मौसम में अंधेरा होने पर दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने नगर निगम और नगर पालिका से ऐसे अवैध निर्माणों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके।

अब देखना होगा कि प्रशासन इन मामलों पर कब और क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *