सागर/नरयावली, 16 दिसंबर 2025।
खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल न केवल अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं, बल्कि युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। यह विचार नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने मंगलवार को नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मेनपानी में आयोजित मेनपानी कास्को बॉल टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए।
विधायक प्रदीप लारिया ने टूर्नामेंट का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने खेल मैदान में उपस्थित खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से भेंट कर उनका परिचय प्राप्त किया और सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं। खेल मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विधायक के आगमन से विशेष उत्साह देखने को मिला।

अपने संबोधन में विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि आज का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है और इस शक्ति को सही दिशा देने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेलों के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं और सकारात्मक ऊर्जा के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश के खिलाड़ी जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। खेलों में अब करियर की असीम संभावनाएं हैं और सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

विधायक प्रदीप लारिया ने बुंदेलखंड की क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़ और सागर की जूडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य का उदाहरण देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत और लगन से सफलता हासिल की जा सकती है। दोनों खिलाड़ियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है, जो क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है। भविष्य में ग्राम स्तर पर खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण खिलाड़ी भी आगे बढ़ सकें।
विधायक ने खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल को खेल भावना के साथ खेलें। जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन अनुशासन और भाईचारा सबसे महत्वपूर्ण है।

शुभारंभ अवसर पर सरपंच अर्जुन पटेल, उपसरपंच उधम पटेल, रविंद्र यादव, अभिषेक यादव, सीताराम यादव, प्रीतम यादव, रघुवीर पटेल, रमेश यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीणजन और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237