दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद एक पिकअप वाहन में आग लग गई, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसा रात करीब एक बजे हुआ। रैणी थाने के एएसआई मोहम्मद आमीन के अनुसार, पिकअप को ड्राइवर साइड की ओर से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, जिसके तुरंत बाद वाहन में आग भड़क उठी। आग इतनी भीषण थी कि तीनों शव सीटों से चिपके हुए मिले।
मृतकों की पहचान मोहित निवासी बहादुरगढ़ (हरियाणा), दीपेंद्र निवासी सागर (मध्यप्रदेश) और पदम निवासी सागर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे में घायल ड्राइवर हन्नी निवासी झज्जर (हरियाणा) को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है।

आग लगने के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई और कई वाहन मौके पर रुक गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, रेस्क्यू शुरू होने से पहले ही पिकअप पूरी तरह जल चुकी थी।
पुलिस ने शवों को रैणी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पिकअप के नंबरों के आधार पर वाहन का पंजीकरण झज्जर (हरियाणा) का पाया गया। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। जांच के बाद ही टक्कर के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।