प्रगति नहीं लाने वाली एजेंसियों को तत्काल टर्मिनेट करें: संभाग आयुक्त अनिल सुचारी !

Spread the love

सागर।
संभाग आयुक्त श्री अनिल सुचारी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल निगम, अटल भूजल एवं जल संसाधन विभाग के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जो एजेंसियां कार्यों में प्रगति नहीं ला रही हैं, उन्हें तत्काल टर्मिनेट कर नया टेंडर जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों का री-रेस्टोरेशन गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।

संभाग आयुक्त ने निर्देश दिए कि लोकसभा से संबंधित आंतरिक विभागों एवं जल निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों को तय समय में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनकी हैंडओवर प्रक्रिया शीघ्र की जाए। संभाग में वर्तमान में 441 परियोजनाओं के कार्य प्रगतिरत हैं, जिन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन कार्यों पर जोर

श्री सुचारी ने कहा कि ओवरहेड टैंक, फिल्टर प्लांट एवं पंप हाउस का कार्य समानांतर रूप से किया जाए, जिससे परियोजनाएं समय पर पूरी हों। पाइपलाइन बिछाने के कार्य में तेजी लाने तथा जहां पाइपलाइन या वाल्व क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि सागर में 9, छतरपुर में 10, पन्ना में 4 और दमोह में 5 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इनमें से 10 परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 18 परियोजनाएं प्रगति पर हैं।

सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा

जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित बंडा, हनोता, पंचमनगर बृहद सिंचाई परियोजना, कड़ान, सजली, जुड़ी, जेरा एवं केथ मध्यम सिंचाई परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। संभाग आयुक्त ने जल निगम के कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर असंतोष व्यक्त किया।

उन्होंने बीना संयुक्त सिंचाई एवं बहुउद्देशीय परियोजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर जल आपूर्ति शीघ्र प्रारंभ की जाए।

अटल भूजल व जल जीवन मिशन पर निर्देश

अटल भूजल योजना की समीक्षा करते हुए संभाग आयुक्त ने निर्देश दिए कि संभाग में निरंतर भूजल सर्वेक्षण जारी रखा जाए और भूजल स्तर की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की जाए। उन्होंने पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ एवं निवाड़ी जिलों में संचालित परियोजनाओं की भी विस्तार से जानकारी ली।

धरती आबा योजना अंतर्गत आने वाले ग्रामों में प्राथमिकता के साथ कार्य करने एवं हर-घर जल पहुंचाने के निर्देश दिए गए। एकल ग्राम जल योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि ओवरहेड टैंक से पाइपलाइन बिछाकर हर घर नल से जल पहुंचाया जाए तथा सड़कों का री-रेस्टोरेशन भी किया जाए।

अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में श्री एल.एन. तिवारी, श्री अनिरुद्ध आनंद, श्री आर.एस. धुर्वे, श्री गौरव सिंघई, श्री शशांक शेखर तिवारी, श्री शिवम सिन्हा, श्री एस.एस. अहिरवार, श्री जी.एन. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *