बीना।
बीना में प्रॉपर्टी लोन दिलाने के नाम पर डीएसए कंपनी के संचालक और उसके सहयोगी पर लाखों रुपए की ठगी का आरोप लगा है। बुधवार को ठगी के शिकार लोगों ने सामूहिक रूप से पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया। ठगी के शिकारों में भाजपा नेता नरेश बौद्ध भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, कंपनी का कार्यालय पहले शाह कॉलोनी, कानूनगो वार्ड में था, बाद में यह अंबेडकर चौराहे के सामने बड़ी बिल्डिंग में स्थानांतरित हुआ और वर्तमान में पुष्प विहार कॉलोनी, समाधान हॉस्पिटल के पास संचालित बताया जा रहा है।
पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी संचालक रहीम खान (छतरपुर) और सहयोगी हरनाम सिंह (ग्राम बेरखेड़ी टाडा) ने संपत्ति ऋण स्वीकृत कराने का झांसा देकर लोगों से लॉगिन फीस, फाइल चार्ज, प्रोसेसिंग फीस सहित विभिन्न नामों पर राशि वसूली, लेकिन न तो किसी का ऋण स्वीकृत हुआ और न ही राशि वापस की गई।

शिकायत पत्र में वसूली गई राशि का विवरण इस प्रकार है:
- मनोज लोधी (ग्राम लायरा) – ₹56,200
- संतोष कुमार अहिरवार (ग्राम रामपुर, बीना) – ₹30–40 हजार
- अरविंद पटेल (गिरोल) – ₹30,000
- नरेश कुमार अहिरवार – ₹10,200
- राजकुमार अहिरवार (ग्राम सतौरिया) – ₹65,000
- जगन्नाथ विश्वकर्मा (ग्राम पालीखेड़ा, बीना) – ₹50,000
- रामकुमारी यादव (ग्राम आरोली, पिपरई) – ₹1,50,000


इसके अलावा मुस्तफा, कल्याण सिंह गमेरिया, रामसेवक, रमाकांत, कृष्णपाल यादव, नेतराम, नरेंद्र अहिरवार, रामसहाय चढ़ार, अंगद, कादिर खान, बलराम पटेल और शरीफ खान से भी रकम वसूलने का आरोप है।
पीड़ितों ने बताया कि ऋण संबंधी बार-बार पूछताछ पर उन्हें टालमटोल किया गया और बाद में संपर्क बंद कर दिया गया। पुलिस निरीक्षक निशांत भगत ने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।