सागर।
सागर के सानौधा थाना क्षेत्र में महिला के गले से सोने की माला छीनकर फरार हुए दो लुटेरों को शाहपुर चौकी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की माला और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली है।
फरियादी सियारानी लोधी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर वह शाहपुर बाजार से खरीदारी कर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान गणेशगंज रेलवे पुलिया के पास बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की माला छीन ली और तेज रफ्तार में फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से हुई पहचान
घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बाजार रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने तलाश तेज की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बुधवार को दोनों संदेहियों को हिरासत में लिया गया।

नरयावली निवासी हैं आरोपी
शाहपुर चौकी प्रभारी अशोक उपाध्याय ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम संतोष उर्फ बिट्टू (31) और नरेश उर्फ दीपक (21), निवासी नरयावली बताए हैं। दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से सोने की माला और घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त की है। आरोपी संतोष उर्फ बिट्टू के खिलाफ नरयावली एवं बीना थाने में चोरी सहित अन्य आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।