छतरपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की 6 मोटरसाइकिलें और 8 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने आदतन चोर गजेंद्र उर्फ गर्जन सिंह बुंदेला को गिरफ्तार किया है, जो पूर्व में भी तीन से अधिक चोरी की वारदातों में शामिल रहा है।
यह कार्रवाई दो दिन पूर्व जिला अस्पताल के पास से फरियादी दशरथ रैकवार की मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट के बाद शुरू की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर कोतवाली सहित अन्य थानों से चोरी के मामलों की जानकारी एकत्र की। भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

6 मोटरसाइकिलें बरामद
पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर गठित टीम को सूचना मिली कि चोरी की गई मोटरसाइकिलें थाना सटई क्षेत्र में मौजूद हैं। इस पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर जिला अस्पताल के पास से चोरी हुई एचएफ डीलक्स सहित कुल 6 मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
बरामद मोटरसाइकिलों में एचएफ डीलक्स, पैशन प्रो, टीवीएस स्पोर्ट और सीडी डीलक्स शामिल हैं। जांच में सामने आया कि एक बाइक छतरपुर जिला अस्पताल क्षेत्र से, दो खजुराहो से, दो जटाशंकर मेले से तथा एक सागर जिले से चोरी की गई थी।
मोबाइल चोरी में भी संलिप्तता
पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोबाइल फोन चोरी की वारदातों में भी शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से टेक्नो, लावा, वीवो, रेडमी और रियलमी कंपनियों के कुल 8 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी गजेंद्र उर्फ गर्जन सिंह बुंदेला, पिता शंकर सिंह बुंदेला, निवासी ग्राम मझगंवा, थाना सटई को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अन्य थानों से संबंधित चोरी के मामलों की जानकारी भी जुटा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
एक साल में 140 बाइक जब्त
एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने बताया कि पिछले एक वर्ष में जिले में चोरी के मामलों में अब तक 140 मोटरसाइकिलें जब्त की जा चुकी हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह आसपास के जिलों में किन-किन साथियों के साथ चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।