विधायक प्रदीप लारिया ने मुख्यमंत्री के दो वर्ष के कार्यकाल और अटल जयंती कार्यक्रमों की तैयारियों पर की चर्चा !

Spread the love

सागर।
नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने शुक्रवार को नरयावली मंडल अंतर्गत नरयावली, किशनपुरा, तोड़ा गौतमिया एवं जरुआखेड़ा शक्ति केंद्रों पर बैठकें आयोजित कीं। इन बैठकों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल के सफलतम दो वर्ष, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तथा आगामी पार्टी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान विधायक प्रदीप लारिया ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आगामी कार्यक्रमों की रणनीति बनाई और संगठनात्मक कार्यों के लिए दायित्वों का स्पष्ट रूप से वितरण किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, ताकि सरकार की उपलब्धियों और विचारधारा को आमजन तक पहुंचाया जा सके।

विधायक लारिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दो वर्ष के कार्यकाल को अभूतपूर्व और अकल्पनीय विकास कार्यों से परिपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में मध्यप्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की तस्वीर बदली है। नरयावली विधानसभा क्षेत्र में भी विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, जिससे आम जनता को सीधे तौर पर लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को मनाई जाने वाली भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती भाजपा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। अटल जी के नए भारत निर्माण की सोच और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक महान नेता और कुशल राजनेता थे, बल्कि एक संवेदनशील कवि, ओजस्वी वक्ता और सामाजिक समरसता के प्रतीक भी थे। उनकी सादगी, वाकपटुता और राजनीतिक दर्शन आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है।

विधायक लारिया ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अटल जयंती के कार्यक्रमों को पूरी गरिमा और उत्साह के साथ मनाया जाए तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका से ही संगठन मजबूत होता है।

बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष, नरयावली मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, संयोजक, सहसंयोजक, योजना प्रभारी, मीडिया प्रभारी सहित वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर पार्टी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *