सागर।
रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में आगामी 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली भव्य श्रीराम कथा एवं नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में आयोजन के आमंत्रण पत्र वितरित करने के उद्देश्य से युवा नेता अविराज सिंह ने बाघराज वार्ड स्थित सनराइज मेगासिटी कॉलोनी एवं गिरधारी पुरम क्षेत्र का भ्रमण किया।
उल्लेखनीय है कि इस धार्मिक आयोजन में सागर जिले के प्रत्येक परिवार को आमंत्रण पत्रिका देकर सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी उद्देश्य के तहत शहर और ग्रामीण अंचलों में तेजी से आमंत्रण पत्र वितरण का कार्य किया जा रहा है।

युवा नेता अविराज सिंह ने सनराइज मेगासिटी पहुंचकर सबसे पहले भगवान श्रीराम-जानकी मंदिर एवं बासुकीनाथ महादेव मंदिर, गिरधारी पुरम में दर्शन किए। उन्होंने मंदिरों में भगवान के चरणों में आमंत्रण पत्र अर्पित कर श्रीराम कथा एवं प्राण-प्रतिष्ठा आयोजन की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा। इसके पश्चात उन्होंने इन बृहद आवासीय कॉलोनियों के रहवासियों के घर-घर जाकर आदरपूर्वक आमंत्रण पत्र भेंट किए और आयोजन में पधारने का विनम्र अनुरोध किया।

इसके बाद अविराज सिंह गिरधारी पुरम पहुंचे, जहां उन्होंने सभी घरों में पहुंचकर आमंत्रण पत्र वितरित किए और आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रयागराज से सुप्रसिद्ध श्रीराम कथा वाचक पं. श्री प्रेमभूषण जी महाराज के श्रीमुख से सात दिवसीय भगवान श्रीराम की कथा का रसपान कराया जाएगा। वहीं 1 फरवरी 2026 को नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर में भव्य प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न होगा।

उन्होंने जानकारी दी कि प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और लोग बड़ी संख्या में इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि समाज में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना को भी सुदृढ़ करेगा। आमंत्रण वितरण अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस पुण्य अवसर से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।