भोपाल, शुक्रवार – लगभग सात साल की प्रतीक्षा के बाद राजधानी भोपाल में आज से मेट्रो सेवाएं शुरू होंगी। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हरी झंडी दिखाकर मेट्रो का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन के बाद वे सुभाष नगर से एम्स तक 6.22 किलोमीटर का सफर भी करेंगे।

उद्घाटन समारोह कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित होगा। समारोह में केंद्रीय मंत्री खट्टर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिकॉर्डेड वीडियो भाषण भी प्रसारित किया जाएगा।

उद्घाटन से पहले सभी 8 मेट्रो स्टेशनों पर तैयारियों का दौर जोरों पर है। स्टेशनों को फूलों से सजाया जा रहा है और उद्घाटन समारोह में किसी भी प्रकार की दिक्कत से बचने के लिए दिन-रात काम किया जा रहा है।
भोपाल अब आधिकारिक रूप से मेट्रो सिटी बन गया है और आज से शहरवासियों को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन का अनुभव मिलेगा।