छतरपुर: शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार और तेज आवाज से दहशत फैलाने वाले बाइक सवारों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख चौराहों और मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान दर्जनों दोपहिया वाहनों को रोका गया।

जांच में सामने आया कि कई बाइकों में कंपनी के साइलेंसर हटाकर मॉडिफाइड ‘पटाखा’ साइलेंसर लगाए गए थे, जिनसे तेज और कानफोड़ू आवाज निकल रही थी। इससे राहगीरों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भारी परेशानी हो रही थी। ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर मैकेनिक बुलाकर ऐसे साइलेंसर हटवाए और उन्हें जब्त किया।

अवैध हूटर और प्रेशर हॉर्न पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान उन वाहनों पर भी कार्रवाई की गई, जिनमें अवैध पुलिसिया हूटर, प्रेशर हॉर्न और काली फिल्म लगी हुई थी। कई गाड़ियों से मौके पर ही हूटर और काली फिल्म हटवाई गई तथा वाहन मालिकों पर भारी चालान काटे गए।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।