दमोह: 12 दिन से फरार हत्या का आरोपी मुरैना से गिरफ्तार, मजदूर की की थी हत्या !

Spread the love

दमोह: बटियागढ़ थाना पुलिस ने 12 दिनों से फरार चल रहे हत्या के आरोपी को मुरैना जिले से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने मामूली विवाद के बाद एक मजदूर की बेरहमी से हत्या कर दी थी।

एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि साइबर सेल की मदद से आरोपी को लोकेट कर मुरैना से गिरफ्तार किया गया है।

बेलखेड़ी के खेत में मिला था शव
मामला 7 दिसंबर का है, जब बटियागढ़ थाना क्षेत्र के बेलखेड़ी गांव के खेत में एक युवक का शव मिला था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बेलखेड़ी निवासी कलू उर्फ अजय देवलिया 6 दिसंबर को मुरैना की मजदूर मंडी से एक मजदूर को काम दिलाने के बहाने अपने साथ लाया था। मृतक की पहचान माखन के रूप में हुई।

शराब के नशे में हुआ विवाद, सिर पटककर की हत्या
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 7 दिसंबर की रात आरोपी अजय और मजदूर माखन ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर माखन वहां से भागने लगा, लेकिन आरोपी ने मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया और पकड़कर उसे सिर के बल जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से माखन की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी
हत्या के बाद आरोपी शव को खेत के पास छोड़कर फरार हो गया और मुरैना में जाकर छिप गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (MP 34 ZC 9966) भी जब्त कर ली है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *