इंदौर। शहर में बुधवार रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
टायर फटने से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में 6 दिन पहले ट्रक का टायर फटने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की बुधवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय पैलेस कॉलोनी, माणिकबाग निवासी मोहम्मद नाहिद (21) पुत्र कलीमुद्दीन नायता के रूप में हुई है।

तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार नाहिद मुंडला इलाके में आरटीओ ऑफिस के पास स्थित एक टायर की दुकान पर काम करता था। 19 दिसंबर को वह पंचर बनाने के बाद ट्रक के टायर में हवा भर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ टायर फट गया, जिससे नाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसे सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और काफी खून बहने लगा।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और घायल नाहिद को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। करीब 6 दिनों तक चले इलाज के बाद बुधवार रात नाहिद ने दम तोड़ दिया।
परिवार में नाहिद के पिता और भाई हैं, जो मिस्त्री का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने अस्पताल से सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और आगे की जांच शुरू कर दी है।
दो मंजिला मकान से गिरने पर ड्राइवर की मौत
वहीं दूसरी घटना इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र की है, जहां बुधवार रात एक युवक दो मंजिला मकान से गिर गया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक मृतक संतोष सोनी (38) निवासी झलारिया ग्राम था और पेशे से ड्राइवर था। बताया गया कि संतोष बुधवार रात अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में अपने दोस्त से मिलने पहुंचा था, जो वहां चौकीदार के रूप में काम करता है।
रात करीब 10 बजे, संतोष दूसरी मंजिल के डक (छत/स्लैब) से नीचे गिर गया। गिरने की आवाज सुनकर चौकीदार मौके पर पहुंचा और तुरंत घटना की सूचना संतोष के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही संतोष का बेटा समीर और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और घायल संतोष को एमवाय अस्पताल लेकर गए, जहां रात में ही उसकी मौत हो गई।
कनाड़िया पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कहीं लापरवाही तो कारण नहीं रही।
दोनों ही घटनाओं ने क्षेत्र में शोक का माहौल बना दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।